लातेहार। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने कोयला लदे एक हाइवा को आग के हवाले कर दिया। घटना बालूमाथ के नगड़ा गांव स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास की है। वारदात के दौरान अपराधियों ने वाहन पर फायरिंग भी की और चालक को धमकाते हुए फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 7:15 बजे मगध कोलियरी (चमातू) से कोयला लेकर एक हाइवा बालूमाथ साइडिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगड़ा गांव के पास तीन पैदल अपराधियों ने वाहन को रोकने के लिए पहले पत्थरबाजी की। चालक द्वारा गाड़ी नहीं रोकने पर अपराधियों ने हाइवा के पिछले टायर पर गोली चला दी। गोली लगते ही वाहन रुक गया।
इसके बाद अपराधियों ने चालक जगन्नाथ गंझु को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। चालक के मुताबिक हमलावर अपने साथ तेल लेकर आए थे। उन्होंने हाइवा पर तेल छिड़ककर उसमें आग लगा दी, जिससे वाहन में लदा कोयला भी जलने लगा। चालक ने बताया कि तीन अपराधी मौके पर मौजूद थे, जबकि उनके दो अन्य साथी थोड़ी दूरी पर खड़े होकर पूरी घटना पर नजर रखे हुए थे।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने चालक को धमकी दी कि बिना “मैनेज” किए इस इलाके में कोयला ढुलाई का काम नहीं किया जाए। इसके बाद सभी अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर पास के जंगल की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए तेतरियाखांड कोलियरी से दमकल की गाड़ी मंगाई गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके के कोयला कारोबारियों और वाहन चालकों में भय का माहौल बन गया है।

