Breaking
Sun. Mar 8th, 2026

सिविल कोर्ट, डीसी ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी*

अज्ञात शख्स भेज रहा धमकी भरे मेल, पुलिस के लिए बनी पहेली*

*रांची:* राजधानी रांची में पिछले एक महीने से बम धमाके की धमकी देने वाले ईमेल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगातार ईमेल भेजकर सिविल कोर्ट, डीसी कार्यालय और पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है।

अब तक रांची सिविल कोर्ट को दो बार, जबकि डीसी ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस को एक-एक बार धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं। इन ईमेल में आरडीएक्स, आईईडी और आत्मघाती हमले तक का जिक्र किया गया है।

इस मामले में कोतवाली और सुखदेव नगर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि अभी तक पुलिस धमकी देने वाले शख्स की पहचान नहीं कर पाई है।

रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और ज्यादा जानकारी साझा करने से जांच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में परिणाम सामने आएगा।

पहली बार 6 फरवरी को ईमेल भेजकर रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद 12 फरवरी को समाहरणालय और 28 फरवरी को फिर से सिविल कोर्ट को धमकी मिली। वहीं 6 मार्च को रांची स्थित पासपोर्ट कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई।

हर बार धमकी मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच करता है और पूरे परिसर को खंगाला जाता है। अब तक चार बार पुलिस और बम निरोधक टीम को ऐसी जांच करनी पड़ी है।

पुलिस के अनुसार धमकी भरे ईमेल Arundale_kumar.hotmail.com आईडी से भेजे गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी ईमेल मास्क आईपी एड्रेस के जरिए भेजे गए हैं, जिससे भेजने वाले की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

जांच टीम को यह भी शक है कि ईमेल भेजने के लिए विदेशी सर्वर का इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल रांची पुलिस और साइबर टीम मिलकर मामले की जांच कर रही है।

Related Post