Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

छोटे व्यापारियों पर सीधे कार्रवाई उचित नहीं, पहले जागरूकता जरूरी: चाईबासा चेंबर

चाईबासा: हाल के दिनों में छोटे व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में की जा रही खाद्य सुरक्षा जांच और उसके बाद दिए जा रहे नोटिस को लेकर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ ने चिंता जताई है। इस संबंध में चेंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम से उनके कार्यालय में मुलाकात कर अपनी बात रखी।

मुलाकात के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि छोटे व्यवसायी शहर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन अधिकांश छोटे व्यापारियों को फूड सेफ्टी से जुड़े सभी नियमों और प्रावधानों की पूरी जानकारी नहीं होती। ऐसे में सीधे नोटिस देने या दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय पहले उन्हें जागरूक करना अधिक उचित होगा।

चेंबर पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि छोटे व्यापारियों के लिए एक जागरूकता सेमीनार आयोजित किया जाए, जिसमें फूड सेफ्टी से जुड़े नियम, लाइसेंस प्रक्रिया, स्वच्छता मानक और अन्य आवश्यक प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी जाए। इससे छोटे व्यापारी नियमों को समझकर अपने प्रतिष्ठानों में आवश्यक व्यवस्थाएं कर सकेंगे और भविष्य में किसी भी प्रकार की गलती से बच सकेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो चेंबर प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेगा।

चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ की ओर से आश्वासन दिया गया कि अधिक से अधिक व्यापारियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे फूड सेफ्टी से जुड़े नियमों की सही जानकारी प्राप्त कर सकें।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने चेंबर के सुझाव को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं है, बल्कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव पर विभाग गंभीरता से विचार करेगा, ताकि व्यापारी नियमों से अवगत होकर उनका सही तरीके से पालन कर सकें।

इस प्रतिनिधिमंडल में चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के अध्यक्ष संजय चौबे, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री, सचिव नीरज संधवार, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान तथा कोषाध्यक्ष मुकेश पोद्दार शामिल थे।

Related Post