जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ाडीहा दानीसाई गांव में शनिवार सुबह एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पूजा मिश्रा (23) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पूजा मिश्रा ने शनिवार सुबह अपने घर में गमछे के सहारे फांसी लगा ली। उस समय उसका पति सुमित मिश्रा हल्दीपोखर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड बॉय के रूप में ड्यूटी पर था। घर में मौजूद परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत सुमित मिश्रा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पति और उसकी मां, जो सहायिका के रूप में काम करती हैं, घर पहुंचे।
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूजा मिश्रा गमछे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका का मायका पश्चिम बंगाल के बड़ाबाजार में है। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके मायके वाले भी गांव पहुंच चुके हैं। वहीं पति सुमित मिश्रा का कहना है कि पत्नी के साथ उसका किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं होता था। हालांकि वह अक्सर यह कहा करती थी कि वह फांसी लगा लेगी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेगी।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतका की एक पांच साल की बेटी है, जो फिलहाल अपने मामा के घर पर रह रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

