खूंटी। जिले के रनिया थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के कारण एक युवक की जान पर बन आई। सोदे गांव में ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोरी के शक में पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार रनिया निवासी लच्छू कुमार गुरुवार 5 मार्च की शाम करीब पांच बजे सोदे गांव के एक नौ वर्षीय बच्चे को अपने साथ लेकर कोयल नदी की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि उस समय युवक नशे की हालत में था। गांव के कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्हें उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। लोगों को शक हुआ कि वह बच्चे को बहला-फुसलाकर कहीं ले जा रहा है। इसी संदेह के चलते गांव में बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
बच्चा चोरी की आशंका से गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और पास के एक पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान युवक खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन भीड़ के गुस्से के सामने उसकी किसी ने नहीं सुनी। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख कुछ लोगों ने इसकी सूचना रनिया थाना पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त कराया। इस दौरान युवक बुरी तरह घायल हो चुका था और उसके शरीर पर मारपीट के कई निशान थे। पुलिस ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज कराया गया। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। इलाज के बाद पुलिस उसे थाने ले आई और मामले की विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की बात बेबुनियाद पाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिससे बच्चा चोरी की पुष्टि हो सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या भीड़ हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

