Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

उलीडीह पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ युवक को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर। उलीडीह थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2.07 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 से 40 हजार रुपये बतायी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के पास से 27 पुड़िया ब्राउन शुगर भी जब्त की गई है।

शुक्रवार को उलीडीह थाना प्रभारी मो. शारीक अली ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के खंडहरनुमा मकान में कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट परिसर पहुंचा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस बल ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

पकड़े गए युवक की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के पानी टंकी निवासी उदय महतो (19) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 27 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Post