चतरा: जिले में विषपान से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के खुटेर गांव निवासी सुनील भारती की पत्नी शोभा देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार शोभा देवी की शादी दंतार थाना क्षेत्र के लेढो गांव से सुनील भारती के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को घर में खाना बनाने में देरी होने पर पति ने उसे डांट दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर शोभा देवी ने जहर खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए पहले इमामगंज ले गए। वहां स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल चतरा रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल लाने के क्रम में ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा लाया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

