जमशेदपुर। रेलवे प्रशासन ने परिचालन कारणों से दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल से चलने वाली कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इस दौरान कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और समय में भी परिवर्तन किया गया है।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार 68077/68078 आद्रा–विष्णुपुर–आद्रा मेमू ट्रेन 9, 10, 11 और 15 मार्च 2026 को रद्द रहेगी। इसी तरह 68090/68089 आद्रा–मेदिनीपुर–आद्रा मेमू ट्रेन 10, 13 और 15 मार्च को नहीं चलेगी। 68079/68080 बोकारो–चंद्रपुरा–बोकारो मेमू ट्रेन भी 10, 13 और 15 मार्च को रद्द कर दी गई है। इसके अलावा 18019/18020 झाड़ग्राम–धनबाद–झाड़ग्राम मेमू एक्सप्रेस 10 मार्च को रद्द रहेगी।
कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। 68056/68060 टाटानगर–आसनसोल–बराभूम मेमू पैसेंजर 10 मार्च को आद्रा तक ही चलेगी। इस दिन आद्रा और आसनसोल के बीच इस ट्रेन की सेवा रद्द रहेगी। वहीं 13503/13504 बर्धमान–हटिया–बर्धमान मेमू एक्सप्रेस 10 मार्च को गोमो तक ही संचालित होगी और गोमो से हटिया के बीच सेवा रद्द रहेगी।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया है। 18601 टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस 11 और 14 मार्च को चांडिल–गुंडा बिहार–मुरी मार्ग से चलायी जाएगी। सामान्य दिनों में यह ट्रेन चांडिल–पुरुलिया–कोटशिला–मुरी मार्ग से संचालित होती है।
इसके अलावा कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। 63591 बोकारो स्टील सिटी–आसनसोल मेमू पैसेंजर 9 मार्च से 14 मार्च तक बोकारो से एक घंटे देरी से खुलेगी। 18020 धनबाद–झाड़ग्राम मेमू एक्सप्रेस 9, 11, 12, 13 और 15 मार्च को धनबाद से एक घंटे देरी से प्रस्थान करेगी। वहीं 18036 हटिया–खड़गपुर एक्सप्रेस 10 और 11 मार्च को हटिया से एक घंटे विलंब से रवाना होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

