Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान को लेकर बैठक, कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का आह्वान

चाईबासा: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यालय बासा टोंटो, चाईबासा में बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, प्रशिक्षण कार्य के संयोजक शैलेंद्र सिंह और जिला प्रभारी मनोज महतो उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मधु कोड़ा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज सेवा के माध्यम से जनता का विश्वास और समर्थन प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी त्याग, बलिदान और संघर्ष की भावना से बनी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।

कार्यकर्ताओं को नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए पार्टी की नीति और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि संगठन में अनुशासन और समय की पाबंदी बेहद जरूरी है। कार्यकर्ताओं और नेताओं को दिए गए कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही किसी भी संगठन और देश को मजबूत बनाता है।

गीता कोड़ा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं और घर-घर जाकर पार्टी की नीति, सिद्धांत और इतिहास की जानकारी दें। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच-छह वर्षों में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने राज्य को विकास के मार्ग से भटका दिया है और रोजगार व शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सरकार विफल रही है।

जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत जिले में 30 मार्च से 14 अप्रैल तक विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने 10 मार्च तक सभी मंडलों का विस्तार कर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में शैलेंद्र सिंह और मनोज महतो ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद प्रत्याशी रहे रमेश खिरवाल, जिला संयोजक सतीश पुरी, भूषण पाट पिंगुआ, प्रताप कटियार महतो, राकेश पोद्दार, पवन शर्मा, दुर्गावती बोयपाई, चंदन झा, पंकज खिरवाल, हेमंत केसरी, चंद्र मोहन तिऊ, तरुण चातर सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post