जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित बाजार इलाके की एक विदेशी शराब दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़ दिया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब 10 बजे सामने आई, जब पगदा निवासी सेल्समैन नेपाल महतो रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान का शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर प्रवेश करने पर पाया गया कि करीब 40 पेटी विदेशी शराब गायब है और काउंटर में रखे लगभग एक लाख 80 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल बोड़ाम थाना पुलिस को सूचना दी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दुकान के आसपास साक्ष्य जुटाने की कोशिश की गई। सेल्समैन नेपाल महतो के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार रात लगभग 11 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रात में बिजली आपूर्ति बाधित रहने और दुकान का इनवर्टर खराब होने के कारण सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर सके, जिससे वारदात की कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाई है।
पुलिस अब बाजार क्षेत्र और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को दुकान के आसपास देखा गया था। पुलिस उस वाहन की पहचान और उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है।
थाना के नजदीक हुई इस चोरी की घटना से बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

