Breaking
Sun. Mar 1st, 2026

सारंडा में आईईडी धमाके में सहायक कमांडेंट के बाद मुठभेड़ में एक जवान घायल

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल के मरंगपोंगा और कोलभंगा इलाके में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से सीआरपीएफ की कोबरा 209 बटालियन के सहायक कमांडेंट अजित मल्लीख घायल हो गए। धमाके के तुरंत बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कोबरा बटालियन के विक्रम यादव को गोली लग गई। बताया जा रहा है कि उनके पेट में गोली लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबल खुफिया सूचना के आधार पर जराइकेला थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान पूर्व से बिछाए गए आईईडी में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की चपेट में आने से एक अन्य जवान भी घायल हो गया। विस्फोट के बाद नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ समय तक दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सर्च अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट के बाद मुठभेड़ हुई है। घायल अधिकारियों और जवानों को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल अधिकारियों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया।

सूत्रों के अनुसार गुवा, छोटानागरा और जराइकेला थाना क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों का एक दस्ता पिछले कई दिनों से सक्रिय था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसी सूचना के आधार पर कोबरा 209 बटालियन, सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था। मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी की आवाजें आसपास के गांवों तक सुनाई दीं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

Related Post