Breaking
Sun. Mar 1st, 2026

चाकुलिया–धालभूमगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, झाड़ग्राम के युवक की मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। चाकुलिया–धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर मुटूरखाम गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार बाइक संख्या जेएच 05 बीटी 8580 से जा रहे मानिक महता को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के जामबनी थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव निवासी मानिक महता के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह अपने गांव से बाइक से जमशेदपुर स्थित ससुराल जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया ।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार और एसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है।

Related Post