पलामू । जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही गांव में शनिवार देर रात भीड़ हिंसा की दर्दनाक घटना सामने आई। बैटरी चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में एक घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने की कोशिश की आशंका जताई गई। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर एक युवक पर पड़ी। शक के आधार पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और युवक को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया गया। उस समय वह गंभीर रूप से घायल था। पुलिस उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी स्थिति बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पलामू पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान के लिए स्थानीय इनपुट और वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

