जामताड़ा। जिले के धरमपुर गांव में भोरे-भोर हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। चौक पर नाश्ता करने पहुंचे एक युवक को अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फुरकान अंसारी के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर और गांव में जुटी भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती तो इस तरह अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम देकर नहीं भाग पाते। लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इधर जिले में लगातार हो रही घटनाओं ने आमजन की चिंता और बढ़ा दी है। हाल के दिनों में अफवाहों के आधार पर भीड़ द्वारा पिटाई की घटनाएं सामने आई हैं। करमाटांड़ के मुस्लिम बस्ती क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम लाडल शेख बताया। इसी तरह हजारीबाग और रामगढ़ में भी अफवाह के कारण एक महिला समेत कई लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं हुईं। पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें।
उधर, दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने भी लोगों की नींद उड़ा दी है। बताया जा रहा है कि एक घर में शादी के लिए रखी नकदी और जेवरात चोर ले उड़े। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धरमपुर हत्याकांड के बाद पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है और अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने जामताड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोग दहशत में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

