बोकारो:- आगामी होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम नरकण्डी में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली विदेशी (अंग्रेजी) शराब बरामद की गई।थाना प्रभारी चतरोचट्टी को गुप्त सूचना मिली थी कि नरकण्डी स्थित टॉवर के समीप सोना महतो के एलबेस्टर निर्मित मकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए छापामारी दल गठित किया गया। मौके पर पहुंचकर पूछताछ में मकान मालिक सोना महतो ने बताया कि उक्त कमरा संतोष महतो, निवासी बेडम, थाना आंगो, जिला हजारीबाग को किराये पर दिया गया है।
मकान मालिक की उपस्थिति में कमरे की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की कुल 2688 पीस नकली विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा लगभग 793 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर सोना महतो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपित की तलाश में छापेमारी जारी है।
#इस संबंध में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/26, दिनांक 22.02.2026 के तहत बीएनएस की धारा 274/275/292/3(5) एवं 47A उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

