Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

को-ऑपरेटिव कॉलोनी में खून से लथपथ मिला अधेड़, गले पर चाकू के गहरे वार से दहला शहर

मैदान से बरामद चाकू, चप्पल और कथित सुसाइड नोट; हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

बोकारो। सिटी थाना क्षेत्र की को-ऑपरेटिव कॉलोनी रविवार को उस वक्त दहल उठी, जब एक मैदान से अधेड़ व्यक्ति खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। गर्दन के दोनों तरफ चाकू से काटे जाने के गहरे निशान ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घायल की पहचान प्लॉट संख्या 87A निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को तत्काल इलाज के लिए बोकारो जेनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटनास्थल से एक चाकू, एक चप्पल और एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया गया है। साथ ही पुलिस ने खून के नमूने सुरक्षित कर जांच के लिए भेजे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति प्राइमेटल प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से बीएसएल में ठेका मजदूर के तौर पर कार्यरत था। घटना आत्महत्या का प्रयास है या इसके पीछे कोई और साजिश, इस पर अभी स्पष्टता नहीं है। सिटी थाना पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि बरामद कागजात और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और शहर में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Related Post