पलामू :* पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सिलदागा पंचायत में कार्यरत रोजगार सेवक सुनील कुमार को 6 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। जैसे ही गिरफ्तारी की खबर फैली, प्रखंड क्षेत्र में हलचल मच गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी रोजगार सेवक ने गोगो दीदी योजना का लाभ दिलाने के बदले लाभुक से 6 हजार रुपये की मांग की थी। लाभुक ने पैसे देने के बजाय इसकी शिकायत एसीबी से कर दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
*पहले सत्यापन, फिर जाल बिछाया*
एसीबी की टीम ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले शिकायत का सत्यापन किया। जब आरोप सही पाए गए, तो योजना के तहत जाल बिछाया गया। तय योजना के मुताबिक जैसे ही सुनील कुमार ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। अब उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

