वार्ड 35 चुनाव: प्रचार से ज्यादा विकास पर खर्च की बात कर रहे रजक
जमशेदपुर: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना प्रस्तावित है। इसी क्रम में मानगो स्थित वार्ड संख्या 35 में चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है, जहां सभी प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं।
इसी बीच वार्ड 35 के प्रत्याशी सुनील कुमार रजक ने क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद करते हुए विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि वे मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं, इसलिए जानते हैं कि सार्वजनिक धन का सही उपयोग कितना जरूरी है। उनका मानना है कि प्रचार-प्रसार पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय वही राशि यदि मोहल्ले के विकास में लगाई जाए तो क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है।
रजक ने वादा किया कि यदि जनता उन्हें पार्षद चुनती है तो वे वार्ड में गली-गली सीसीटीवी कैमरे लगवाने, साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने और प्रशासन के साथ समन्वय कर नशे की समस्या कम करने की दिशा में काम करेंगे। साथ ही उन्होंने पेयजल संकट के स्थायी समाधान और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का भी आश्वासन दिया।
गुरुद्वारा रोड समेत कई इलाकों में फैली कचरा समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कचरे के समुचित संग्रह के लिए निर्धारित स्थान बनाए जाएंगे, जहां से नगर निगम की गाड़ियां नियमित रूप से उठाव करेंगी। उन्होंने जलापूर्ति के समय को व्यवस्थित करने के लिए विशेष पहल करने की बात भी कही।
अंत में रजक ने मतदाताओं से अपील की कि वे उम्मीदवार का चयन सोच-समझकर करें और ऐसे प्रतिनिधि को चुनें जो व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं बल्कि जनहित को प्राथमिकता दे।

