घाटशिला–
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत आदिवासी भूमिज चुहाड़ सेना द्वारा बड़ाखुरसी चुआड़ विद्रोह के महानायक वीर शहीद रघुनाथ सिंह की 231वीं जयंती के अवसर पर छोलागोड़ा में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोटका विधानसभा के विधायक युवा विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन के दौरान युवाओं का जोश और खेल भावना देखते ही बन रही थी।
रोमांचक मुकाबलों के बाद लूपानडीह एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि धनचटानी एफसी उपविजेता रही। विजेता टीम को ₹15,000 तथा उपविजेता टीम को ₹12,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विधायक संजीव सरदार ने स्वयं खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने वीर शहीद रघुनाथ सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलकूद समाज में भाईचारा, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उनका सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
मौके पर ग्राम प्रधान हरिपद सिंह, शिवचरण सिंह, छोलागोड़ा ग्राम प्रधान जन्मेजय सिंह, सदस्य देव शरण सिंह, सोमनाथ सिंह, गुनघर सिंह सहित समाज के बुद्धिजीवी, माताएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

