Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

गोविंदपुर में बोरिंग के दौरान हादसा, ट्राइपॉड गिरने से मजदूर की मौत, एक गंभीर

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गोविंदपुर स्थित आरएसओ गेट के अंदर उस समय हुई, जब परिसर में बोरिंग का कार्य चल रहा था।

जानकारी के अनुसार बोरिंग कार्य के दौरान उपयोग में लाया जा रहा भारी लोहे का ट्राइपॉड अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। ट्राइपॉड का वजन काफी अधिक होने के कारण पास में काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में 56 वर्षीय राम हरिदास को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि मृतक मूल रूप से दीघा के निवासी थे और रोजी-रोटी के लिए यहां काम कर रहे थे। उनके साथ काम कर रहा दूसरा मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ठेकेदार और अन्य कर्मियों ने तुरंत घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है, जिसके बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Post