Breaking
Wed. Feb 18th, 2026

जन शिकायत निवारण दिवस में उमड़ी भीड़, आर्म्स लाइसेंस से लेकर राशन कार्ड तक की समस्याएं पहुंचीं उपायुक्त के पास

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की, जिन्होंने एक-एक कर आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान आर्म्स लाइसेंस जारी करने और नवीनीकरण से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए। इसके अलावा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, सरकारी अस्पतालों में बेहतर व्यवस्था की मांग तथा मैया समान योजना का लाभ दिलाने को लेकर भी कई लोगों ने आवेदन सौंपे। भू-विवादों के निष्पादन, लंबित दाखिल-खारिज मामलों और जमीन पर अवैध कब्जा हटाने की मांग से जुड़े प्रकरण भी बड़ी संख्या में सामने आए।

स्कूल फीस में अनियमितता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं। वहीं राशन कार्ड में नाम जोड़ने, त्रुटि सुधार और नए राशन कार्ड निर्गत करने को लेकर भी कई आवेदनों पर सुनवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कई मामलों में मौके पर ही समाधान भी किया गया तथा शेष मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

Related Post