रांची। राजधानी के पॉश इलाके डोरंडा में मंगलवार को एक ऐसी घटना सामने आई जिसने शहर को हिला कर रख दिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खौफनाक रूप ले बैठा। आरोप है कि एक लग्जरी मर्सिडीज कार चला रहे व्यक्ति ने पहले एक युवक को टक्कर मारी और फिर उसे कार के बोनट पर लटकाए हुए कई किलोमीटर तक सड़क पर दौड़ाता रहा। युवक लगातार अपनी जान की गुहार लगाता रहा, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बोनट पर चिपका हुआ मदद की पुकार करता रहा, जबकि कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ती रही। रास्ते में मौजूद होमगार्ड जवानों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने रुकने के बजाय जवानों पर ही वाहन चढ़ाने की कोशिश की। जवान किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे, जबकि कार सवार वहां से निकल गया।
बताया जाता है कि कार सीधे आरोपी के आवास तक पहुंची। वहां युवक को नीचे उतारने के बाद कथित तौर पर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। इस बीच घटना की सूचना पुलिस तक पहुंची और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। बंधक बनाए गए युवक को मुक्त कराया गया। युवक डरा-सहमा था और उसे चोटें भी आई हैं।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार हिरासत में लिया गया व्यक्ति रांची हाई कोर्ट का अधिवक्ता मनोज टंडन बताया जा रहा है। घटना में प्रयुक्त मर्सिडीज कार को भी जब्त कर थाना लाया गया है।
अधिवक्ता के हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वकील, समर्थक और स्थानीय लोग डोरंडा थाना पहुंच गए। कुछ अधिवक्ता उनके समर्थन में पहुंचे, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने के बाद कई लोग चुपचाप वहां से लौट गए। वहीं पीड़ित युवक के परिजन भी न्याय की मांग को लेकर थाने में डटे रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सड़क पर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

