Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

जेटेया–कोटगढ़ सड़क की दुर्दशा पर उबाल, राबंगगुटू हाट में मंत्री दीपिका पांडेय का पुतला फूंका

जगन्नाथपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर–नोवामुंडी क्षेत्र अंतर्गत जेटेया मोड़ स्थित राबंगगुटू हाट के पास सोमवार को झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले ग्रामीणों ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। जेटेया से कोटगढ़ तक जर्जर हो चुकी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि जेटेया मोड़ से सेलदौरी, करंजीया जेटेया होते हुए आईकुटी, बाहदा और कोटगढ़ तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। यह मार्ग क्षेत्र को प्रखंड और जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से आवागमन मुश्किल हो गया है, जिससे आम लोगों, मरीजों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है। अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और बाजार आने-जाने के लिए इसी मार्ग पर निर्भरता है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता समझ से परे है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में मंजीत कोड़ा, अशोक पान, नसीम अंसारी, सीताराम लागुरी, कृष्णा सिंकु, समियल लागुरी, संजय जेराई, राजेंद्र बालमुचू, लक्षण बालमुचू, दिरी लागुरी, जगमोहन सिंकु, सुखलाल लागुरी, बुधराम लागुरी, सरजोम लागुरी और हिन्दू लागुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

Related Post