जमशेदपुर/कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित Indian Institute of Technology Kanpur परिसर में वैलेंटाइन डे के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा की रहने वाली 26 वर्षीय अंजू कुमारी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह संस्थान में जूनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं और पिछले तीन वर्षों से यहां सेवा दे रही थीं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अंजू की अपने मंगेतर पंकज से फोन पर बातचीत हो रही थी। पंकज उड़ीसा के एक पावर हाउस में कार्यरत है और दोनों की शादी तय हो चुकी थी। कुछ ही दिनों में सगाई होनी थी। रोजाना की तरह दोनों के बीच बातचीत हो रही थी, लेकिन इस दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर पंकज ने ऊंची आवाज में डांट दिया। इस पर अंजू ने कथित रूप से कहा कि वह जान दे देगी और कॉल काट दी।
कॉल कटने के बाद पंकज घबरा गया। उसने आईआईटी परिसर में रहने वाले अपने मित्र सूरज को फोन कर अंजू के कमरे पर जाने को कहा। सूरज व्यस्त होने के कारण अपने भाई सुरेश को भेज दिया। सुरेश जब अंजू के कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना हॉस्टल वॉर्डन और संस्थान प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। अंजू का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। तत्काल कल्याणपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
एडीसीपी कपिलदेव सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
घटना के बाद आईआईटी परिसर में शोक का माहौल है। सहकर्मियों के अनुसार अंजू व्यवहार कुशल और शांत स्वभाव की थीं। अचानक उठाए गए इस कदम से सभी स्तब्ध हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

