*दुमका:* जिले में तीन दिन पहले वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर पुलिस निरीक्षक कार्यालय के पीछे बरामदे में पाई गई आदिवासी महिला और उसकी छह साल की बेटी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
दुष्कर्म के विरोध में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपी जैनुल हक उर्फ जैनुल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने दी जानकारी
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मंगलवार रात मां-बेटी की हत्या की गई थी और बुधवार सुबह शव बरामदे से बरामद हुए।
महिला दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह मंगलवार शाम वीर कुंवर सिंह चौक के पास खड़ी थी, तभी वाहन चालक जैनुल हक की नजर उस पर पड़ी। आरोपी महिला को इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे ले गया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने बेरहमी से महिला की हत्या कर दी।
बेटी ने जब यह सब देखा, तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी ताकि वह घटना किसी को न बता सके।
हत्या के बाद पैसे लेकर हुआ फरार
महिला ने बैंक से पांच हजार रुपये निकाले थे। हत्या के बाद आरोपी ने पैसे और बैंक पासबुक लेकर फरार हो गया।
टेक्निकल टीम की मदद से हुआ खुलासा
एसपी ने बताया कि एसडीपीओ विजय महतो के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस की एक टीम बनाई गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को महिला के साथ देखा गया। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ में आरोपी की पहचान की गई। मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
उसके पास से महिला के पांच हजार रुपये और बैंक पासबुक बरामद हुए हैं।

