जमशेदपुर : आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 20 चिन्हित मोतियाबिंद मरीजों का सफलतापूर्वक फेको सर्जरी के माध्यम से ऑपरेशन कर निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को शुक्रवार को आवश्यक दवाइयां एवं चश्मा प्रदान कर उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
संस्था की ओर से बताया गया कि यह सेवा कार्य आयुष्मान योजना तथा डीबीसीएस के तहत संचालित राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम से प्रेरित होकर कई वर्षों से निरंतर चलाया जा रहा है। दृष्टि सेवा महाअभियान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को चिन्हित कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को काफी राहत मिल रही है।
इसी क्रम में 19 फरवरी, बृहस्पतिवार को आनंद मार्ग जागृति, गदरा शिव मंदिर के समीप आंखों की विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए निःशुल्क शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

