Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

कन्हैया यादव हत्याकांड में 6 घंटे बाद खुला टिनप्लेट गोलचक्कर, दो गिरफ्तार; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जमशेदपुर। गोलमुरी के फल कारोबारी कन्हैया यादव की हत्या के विरोध में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा किया गया सड़क जाम आखिरकार छह घंटे बाद समाप्त हो गया। गुरुवार को सुबह से टिनप्लेट गोलचक्कर पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इससे यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग के मौके पर पहुंचने और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। अधिकारियों के समझाने और भरोसा दिलाने के बाद परिजन जाम हटाने पर सहमत हुए, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

ग्रामीण एसपी ने परिजनों को जानकारी दी कि हत्याकांड मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं, जबकि कुछ टीमें जमशेदपुर से बाहर भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

गौरतलब है कि बुधवार को गोलमुरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से परिजन आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post