Breaking
Thu. Mar 12th, 2026

वार्ड 14 से प्रेम सक्सेना का चुनावी आगाज़, विकास और जनसेवा पर जोर

जमशेदपुर: मानगो: नगर निगम चुनाव 2026 के तहत वार्ड संख्या 14 से वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार एस. के. सक्सेना उर्फ प्रेम सक्सेना (क्रमांक संख्या 13) चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। उनका चुनाव चिन्ह “चप्पलें” है। उन्होंने वार्डवासियों से जनसमर्थन की अपील करते हुए विकास, स्वच्छता और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बताया है।

प्रेम सक्सेना ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड की महिलाओं को स्वावलंबी बनाना, गरीब एवं असहाय बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मोहल्ला क्लीनिक खुलवाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय प्रयास करेंगे।

उन्होंने विशेष रूप से मइयां योजना, वृद्धा पेंशन, गंभीर बीमारी सहायता योजना तथा श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। अपने संकल्प पत्र में उन्होंने वार्ड की प्रत्येक गली तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, सड़कों और नालियों की साप्ताहिक सफाई सुनिश्चित करने तथा नि:शुल्क कचरा उठाव व्यवस्था को सुदृढ़ करने का वादा किया।

स्वयं को शिक्षित, लोकप्रिय, कर्मठ, ईमानदार और जनहितैषी बताते हुए सक्सेना ने कहा, “वार्ड का विकास ही मेरी पहचान है और आपकी सेवा ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव चिन्ह “चप्पलें” पर मतदान कर उन्हें सेवा का अवसर दें।

Related Post