Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी सूर्या को गोली लगी, अस्पताल में भर्ती

बिहार। राजधानी पटना में बुधवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या के बीच आमना-सामना हो गया। दोनों पक्षों की कार्रवाई में सूर्या के पैर में गोली लग गई। जख्मी हालत में पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फुलवारीशरीफ इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई थी, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बता दिया है।राजीव कुमार उर्फ सूर्या पिता यदु राय पटना सिटी के सिद्धी घाट दीवान मोहल्ला (थाना खाजेकलां) का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह मुख्य रूप से आलमगंज व खाजेकलां थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहा है। सूर्या पर लूट, डकैती की साजिश, अवैध हथियार रखना, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी तथा शराबबंदी कानून तोड़ने जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।साल 2022 में उसके खिलाफ कई बड़े मामले दर्ज हुए थे। आलमगंज थाना कांड संख्या 560/22 (26 जुलाई 2022) में डकैती की तैयारी और अवैध हथियार रखने के आरोप में आईपीसी धारा 399, 402, 34 तथा आर्म्स एक्ट धारा 25(1b)ए/26 लगाई गई। इससे ठीक चार दिन पहले 23 जुलाई 2022 को आलमगंज थाना कांड संख्या 550/22 में धारा 394 आईपीसी के तहत लूट का मामला दर्ज हुआ था।2023 में भी सूर्या का नाम कई केसों में उभरा। आलमगंज थाना कांड संख्या 732/23 (14 अगस्त 2023) और 734/23 में चोरी के माल से जुड़े मामलों में आईपीसी धारा 413 व 414 के तहत कार्रवाई हुई। वहीं खाजेकलां थाना कांड संख्या 530/23 में धारा 414 आईपीसी तथा बिहार मद्य निषेध एवं नियंत्रण अधिनियम धारा 30(ए) लागू की गई।2024 में भी उसकी गतिविधियां थमने का नाम नहीं लिया। आलमगंज थाना कांड संख्या 595/24 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 309(6) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। खाजेकलां थाना कांड संख्या 290/24 तथा सुल्तानगंज थाना कांड संख्या 271/24 में बीएनएस धारा 309(4) के आरोप लगे। इसके अलावा पहले मेंहदीगंज थाना कांड संख्या 184/20 में धोखाधड़ी, जालसाजी व चोरी के माल से जुड़े मामलों में आईपीसी धारा 420, 467, 468, 469, 471 व 414 के तहत कार्रवाई हुई थी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूर्या की आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। बुधवार को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई, जिस दौरान मुठभेड़ हुई। फिलहाल पुलिस विस्तृत जांच कर रही है तथा इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है।

Related Post