Breaking
Tue. Feb 10th, 2026

तनाव नहीं, आत्मविश्वास से दें परीक्षा: जीवन जमशेदपुर की छात्रों से अपील

जमशेदपुर. बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आते ही छात्रों पर बढ़ते मानसिक और शैक्षणिक दबाव को देखते हुए आत्महत्या निवारण केंद्र जीवन जमशेदपुर ने विद्यार्थियों के लिए एक विशेष तनाव-निवारण मार्गदर्शिका जारी की है. इसका उद्देश्य छात्रों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना, भावनात्मक संतुलन बनाए रखना और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है.

 

जीवन जमशेदपुर ने अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं जीवन का एक पड़ाव हैं, पूरी जिंदगी नहीं. दिशा-निर्देशों में छात्रों को अनुशासित लेकिन स्वस्थ अध्ययन पद्धति अपनाने की सलाह दी गई है. इसके तहत यथार्थपरक अध्ययन योजना बनाने, छोटे और प्राप्त करने योग्य लक्ष्य तय करने तथा केवल गाइड बुक्स पर निर्भर रहने के बजाय पूरे पाठ्यक्रम की गहन पुनरावृत्ति करने पर जोर दिया गया है.

 

मार्गदर्शिका में कहा गया है कि परीक्षा के समय सकारात्मक सोच बनाए रखना बेहद जरूरी है. अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और अनावश्यक घबराहट से बचें, क्योंकि तनाव और चिंता अक्सर भ्रम की स्थिति पैदा करती है, जिससे प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है.

 

केंद्र ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को समान रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक भोजन करने और पढ़ाई के दौरान नियमित अंतराल लेने की आवश्यकता पर बल दिया है. मार्गदर्शिका के अनुसार, लगातार पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे ब्रेक लेने से एकाग्रता बढ़ती है और मानसिक थकान कम होती है. छात्रों को अंतिम समय में रटने, अधूरी तैयारी करने और दूसरों से अपनी तुलना करने से भी बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे आत्मविश्वास कमजोर हो सकता है.

 

दिशा-निर्देशों में नकारात्मक बातचीत, अफवाहों और ध्यान भटकाने वाले माहौल से दूर रहने की बात कही गई है. साथ ही यह भी सलाह दी गई है कि एक परीक्षा का परिणाम अगली परीक्षा पर हावी न होने दें, ताकि पूरे परीक्षा काल में निरंतरता और संतुलन बना रहे.

 

जीवन जमशेदपुर ने छात्रों को यह भी संदेश दिया है कि मानसिक परेशानी, डर या अत्यधिक चिंता की स्थिति में चुप न रहें. माता-पिता, शिक्षकों या परामर्शदाताओं से खुलकर बात करना बेहद जरूरी है. संस्था ने स्पष्ट किया है कि मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी और साहस का प्रतीक है.

 

इस पहल के तहत जीवन जमशेदपुर ने अपनी परामर्श सेवाओं को पूरे वर्ष सुलभ रखने की जानकारी दी है और परीक्षा के समय अभिभावकों व शिक्षकों से अधिक संवेदनशील और सहयोगी रवैया अपनाने की अपील की है. संस्था का उद्देश्य परीक्षा-जनित तनाव को गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्या बनने से रोकना और छात्रों को यह याद दिलाना है कि अंक से कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनका जीवन और भविष्य है.

 

गौरतलब है कि जीवन जमशेदपुर अपने केंद्र 25, क्यू रोड, बिष्टुपुर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रत्यक्ष परामर्श (इन-पर्सन बिफ्रेंडिंग) सेवा उपलब्ध कराता है. इसके अलावा भावनात्मक सहयोग के लिए टेलीफोन और व्हाट्सएप के माध्यम से 9297777499 एवं 9297777500 हेल्पलाइन नंबरों पर भी तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है.

Related Post