चाईबासा: शहर की मंगला हाट में शुक्रवार की संध्या उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाजार में बना पुराना और जर्जर सेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक व्यक्ति को चोट लगने की सूचना है। गनीमत रही कि घटना शाम करीब 4 बजे हुई, उस समय बाजार में लोगों की संख्या कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे बाजार का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। पत्रकारों से बात करते हुए सुनील प्रसाद साव ने कहा कि मंगला हाट की स्थिति बेहद दयनीय है। चारों ओर गंदगी फैली हुई है और सेड पूरी तरह जर्जर हालत में है। उन्होंने ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि घटना शाम के समय हुई, यदि दिन में होती तो गंभीर हादसा हो सकता था।
उन्होंने आगे बताया कि वे इस मामले को लेकर शनिवार को अपने समर्थकों के साथ नगर परिषद के प्रशासक से मिलेंगे और मंगला हाट की स्थिति पर विशेष चर्चा करते हुए जल्द से जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
स्थानीय दुकानदार बैद्यनाथ खलखो और दिवाकर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे दो बैल आपस में लड़ते हुए सेड के पिलर से टकरा गए। पिलर पहले से ही काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था, जिसके कारण वह दबाव सह नहीं सका और सेड का पूरा ढांचा गिर पड़ा। सेड के ऊपर लगा अल्बेस्टर का छप्पर भी नीचे आ गिरा, जिससे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेड गिरने की आवाज सुनते ही दुकानदार और ग्राहक इधर-उधर भागने लगे। हादसे की चपेट में आकर एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और एक व्यक्ति को हल्की चोट आई। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
मंगला हाट में वर्षों से दुकानदारी कर रहे स्थानीय दुकानदारों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लोग 25 से 35 वर्षों से यहां कारोबार कर रहे हैं। बाजार से नियमित रूप से मासूल भी लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद बाजार की स्थिति पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि यदि यह घटना दो घंटे पहले होती, जब बाजार में भारी भीड़ रहती है, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी और जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

