कुडू – लोहरदगा : अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कुडू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जनरल स्टोर से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा सादीक़ अनवर रिज़वी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि ग्राम लावागाई बड़काटोली स्थित सचीन जनरल स्टोर में चोरी-छिपे अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। इसके बाद थाना प्रभारी पुअनि अजीत कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। सअनि सुनील कुमार सिन्हा एवं कुडू थाना सशस्त्र बल के साथ की गई छापामारी में स्टोर के अंदर रखे फ्रिज से विभिन्न ब्रांड की कुल 45 बोतल शराब बरामद की गई। बरामद शराब में बीयर, व्हिस्की व रम शामिल है, जिनमें किंगफिशर, गॉडफादर, रॉयल चैलेंज, 8 पीएम, ब्लेंडर्स प्राइड, ओल्ड मोंक व बकार्डी जैसे ब्रांड शामिल हैं। अवैध शराब बिक्री के आरोप में स्टोर मालिक अजीत भगत, पिता स्वर्गीय श्यामदेव भगत, निवासी लावागाई बड़काटोली को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में कुडू थाना में कांड संख्या 16/26 धारा 317(5) / 292 बीएनएस एवं 47(ए) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।

