Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत आरपीएफ हटिया की सतर्कता, चोरी का मोबाइल बरामद कर आरोपी को किया गया गिरफ्तार

रांची। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ हटिया द्वारा चलाए जा रहे “यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत एक सराहनीय कार्रवाई सामने आई है। आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार रांची डिवीजन की आरपीएफ टीम पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रही है।

इसी क्रम में एसआई उज्ज्वल कुमार के नेतृत्व में कॉन्स्टेबल मुकेश नायक, महिला स्टाफ संगीता कच्छप एवं एस.पी. खलखो द्वारा ट्रेन संख्या 12811 एलटीटी–हटिया एक्सप्रेस में रूड़केला से हटिया के बीच एस्कॉर्टिंग ड्यूटी की जा रही थी। ड्यूटी के दौरान टीम ने ट्रेन में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए एक युवक को संदेह के आधार पर रोका और उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान युवक के पास से एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अफरोज अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी चान्हो, जिला रांची बताया। मौके पर ही एक यात्री जनकी यादव ने मोबाइल को अपना चोरी हुआ फोन बताया, जिसके बाद मोबाइल का सत्यापन किया गया। जांच में मोबाइल चोरी का होना प्रमाणित पाया गया।

इसके उपरांत आरोपी को आवश्यक कागजातों के साथ जीआरपी हटिया के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Related Post