Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से लापता दो नाबालिग छात्र पुलिस ने सकुशल बरामद किए

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माउंट कारमेल इंग्लिश मीडियम विद्यालय, रुगुड़साई स्थित छात्रावास से लापता हुए दो नाबालिग छात्रों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों के साथ-साथ विद्यालय प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार इराज पिंगुवा (उम्र लगभग 12 वर्ष), पिता अनन्त पिंगुवा, ग्राम पोखरिया, थाना कुमारडुंगी, जिला पश्चिमी सिंहभूम, कक्षा छठी का छात्र तथा समीर जेराई (उम्र लगभग 13 वर्ष), पिता लेवा जेराई, ग्राम झीरपाई टोला बाईहातु, थाना जगन्नाथपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम, कक्षा सातवीं का छात्र दिनांक 02 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रावास से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बच्चों के वापस नहीं आने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, परंतु जब कोई जानकारी नहीं मिली तो जगन्नाथपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया।

आवेदन के आधार पर थाना में सनहा संख्या 20/26 एवं 21/26, दिनांक 03 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया और मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने तुरंत जांच एवं खोज अभियान शुरू किया।

गठित टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार छानबीन करते हुए दिनांक 04 फरवरी 2026 को डांगुवापोसी रेलवे स्टेशन के पास से दोनों नाबालिग छात्रों को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मु, पुलिस निरीक्षक नोवामुंडी अंचल बासुदेव मुंडा, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास, पु०अ०नि० विश्वनाथ हेम्ब्रम, स०अ०नि० राजेन्द्र प्रसाद मंडल, स०अ०नि० निमय कुमार सिंह, आ०-ह० जागेश्वर प्रसाद मेहता, आ०-1003 संजय उरांव तथा गृह रक्षक चालक प्रकाश बेहरा शामिल थे। पुलिस की सक्रियता और समन्वित प्रयास से दोनों छात्रों की सुरक्षित बरामदगी संभव हो सकी, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

Related Post