चाईबासा: शहर के मधु बाजार क्षेत्र में रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क पर बिछाया गया पानी का पाइप फटा हुआ है, जिससे लगातार पानी निकल रहा है। इस समस्या को लेकर मधु बाजार के पीएलवी सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता सूरज कुमार ठाकुर ने चिंता जताई है।
उन्होंने बताया कि पाइप सड़क के ऊपर से गुजर रहा है और उसके फटने के कारण प्रतिदिन भारी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है। इससे न केवल पेयजल की बर्बादी हो रही है, बल्कि आसपास की सड़क भी धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि इसी स्थिति में सड़क निर्माण किया गया तो कुछ ही समय में सड़क दोबारा खराब हो जाएगी।
सूरज कुमार ठाकुर ने पीएचइडी विभाग एवं नगरपालिका प्रशासन से आग्रह किया है कि सड़क निर्माण से पहले पाइप की मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं होने पर पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई है और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि पानी जैसी महत्वपूर्ण संसाधन की बर्बादी को रोकना जरूरी है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस ओर कब तक ठोस कदम उठाता है।

