चतरा : पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र
पत्थलगड़ा प्रखंड के नावाडीह स्थित कुमकापर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 26 जनवरी से लापता 21 वर्षीय काजल कुमारी, पिता कुलेश्वर तुरी, का शव रविवार को गांव के ही एक कुएं से बरामद किया गया। काजल के लापता होने के बाद से ही परिजन उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे थे। इसी बीच गांव के कुएं से शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। इधर सूचना मिलते ही पत्थलगड़ा पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शव देखते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का साफ आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है, और युवती की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव कुएं में फेंक दिया गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा, कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों की पहचान कर उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।” फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है और हर एंगल से छानबीन में जुट गई है। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल है और लोग जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

