चाईबासा: आज पारित केंद्रीय बजट 2026-27 पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने इसे देशहित में सर्वोपरी बजट बताया है।
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत यह बजट समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और यह भारत को विकास के पथ पर आगे ले जाने वाला है।
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि इस बजट में छात्र-छात्राओं की शिक्षा, किसानों की समृद्धि, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के भविष्य तथा गरीब वर्ग के उत्थान का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए प्रावधानों से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह बजट बचत को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर और समावेशी भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बजट में ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जो देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगे और भारत को विकास के नए शिखर पर पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि बजट में देश में निवेश को बढ़ावा देने, उद्योगों को सशक्त करने, पर्यटन क्षेत्र को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे न केवल आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक ऐसा भारत बनाना है, जहां सभी वर्गों को समान अवसर मिलें और कोई भी विकास की दौड़ में पीछे न रहे। केंद्रीय बजट 2026-27 इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।
बड़कुंवर गागराई ने विश्वास जताया कि इस बजट के प्रभाव से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

