Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

मानगो मेयर नामांकन के अंतिम दिन जदयू का बयान संदिग्ध, विरोध का ऐलान

जमशेदपुर।मानगो नगर निगम के मेयर पद के नामांकन पत्र बिक्री के अंतिम दिन जनता दल यूनाइटेड द्वारा दिए गए बयान को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ चुके और भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने रविवार को बयान जारी कर जदयू के बयान पर तीखा हमला करते हुए इसे विधाविविलाप और संदेहस्पद करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जदयू के मेयर प्रत्याशी के खिलाफ वह खुलकर प्रचार करेंगे और उसे हराने का प्रयास करेंगे।

विकास सिंह ने कहा कि जदयू का यह बयान उन कार्यकर्ताओं को गुमराह करने की साजिश है, जो जदयू के समर्थन से मेयर का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। नामांकन पत्र बिक्री के अंतिम दिन इस तरह का बयान देकर जदयू नेतृत्व ने अपने ही समर्पित कार्यकर्ताओं को भ्रम में डाल दिया। उन्होंने कहा कि यदि जदयू वास्तव में अपने किसी कार्यकर्ता को मेयर बनाना चाहता था तो विधानसभा चुनाव की तरह पहले ही राजनीतिक रणनीति बनाकर सीट सुरक्षित कर लेनी चाहिए थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू का यह रुख उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ छल है, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में मेयर बनने के सपने के साथ बढ़-चढ़कर काम किया था। विकास सिंह ने कहा कि चूंकि नगर निगम चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहा है, इसलिए जदयू यदि उम्मीदवार उतारती है तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में मानगो से मिले जनसमर्थन के आधार पर वह मेयर चुनाव की जीत-हार को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके समर्थक इस चुनाव में दलगत राजनीति और जातिवाद से ऊपर उठकर काम करेंगे।

Related Post