जमशेदपुर।आजसू पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को जनहित और जनआकांक्षाओं के अनुरूप बताते हुए इसका स्वागत किया है। रविवार को पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि यह बजट दूरगामी सोच के साथ तैयार किया गया है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में दी गई राहत को सराहनीय बताते हुए कहा कि इलाज और दवाइयों को सस्ता और सुलभ बनाने की दिशा में किए गए प्रावधानों से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। महंगे इलाज के बोझ से जूझ रहे आम नागरिकों के लिए यह बजट उम्मीद की किरण है।
कन्हैया सिंह ने कहा कि सरकार ने इस बजट के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता की बुनियादी जरूरतें उसकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक कल्याण और आम लोगों से जुड़े अन्य क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया गया है, जिससे यह बजट जनहित में मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि घोषणाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन हुआ तो इसका सकारात्मक असर आने वाले वर्षों तक दिखाई देगा।
वहीं, आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने बजट को जनआकांक्षाओं को पूरा करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और गरीब तबके के हितों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस कर सरकार ने यह दिखाया है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसका लक्ष्य है। आजसू पार्टी ने इस बजट को देश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए समर्थन देने की बात कही।

