Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

टाटा स्टील ने जमशेदपुर में मीडिया कर्मियों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र आयोजित किया

जमशेदपुर। शनिवार को सड़क सुरक्षा माह के तहत टाटा स्टील ने जमशेदपुर स्थित सीएफई ऑडिटोरियम में शहर के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े 30 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया।

सत्र को टाटा स्टील के चीफ सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा ने संबोधित किया। उन्होंने सुरक्षित यातायात व्यवहार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय नियमों का सख्ती से पालन ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने वाहन की नियमित फिटनेस जांच, दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया चालकों के लिए सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, ट्रैफिक नियमों का सम्मान, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा थकान या नींद की स्थिति में ड्राइविंग से बचने जैसी महत्वपूर्ण बातों को विस्तार से समझाया।

उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। इस दिशा में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है क्योंकि उसकी पहुंच समाज के हर वर्ग तक होती है। लगातार जागरूकता फैलाकर और जिम्मेदार रिपोर्टिंग के जरिए मीडिया लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

कार्यक्रम के दौरान “वन रोड, वन फैमिली: ड्राइव विद रिस्पेक्ट” थीम को दोहराते हुए सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से एक-दूसरे के प्रति सम्मान और धैर्य रखने की अपील की गई, ताकि सड़कों को सभी के लिए सुरक्षित बनाया जा सके।

यह आयोजन टाटा स्टील के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन विभाग द्वारा किया गया, जो कंपनी की सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सामुदायिक कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

Related Post

You Missed