जमशेदपुर। नगर निकाय आम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय के नेतृत्व में वरीय प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने प्रखंड स्थित नए गोदाम परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य चुनाव सामग्री के सुरक्षित भंडारण, सुचारु वितरण और वापसी की व्यवस्थाओं को परखना था।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में स्थापित डिस्पैच एवं रिसीविंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश और निकास प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बिजली-पानी की उपलब्धता, अग्निशमन व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि इसी गोदाम से मानगो नगर निगम, नगर परिषद तथा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्रों के लिए चुनाव सामग्री का वितरण एवं मतदान के बाद वापसी का कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकाय आम निर्वाचन में लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तर्ज पर ही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। मतदान केंद्रों से लेकर स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल तक 24 घंटे सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की योजना बनाई गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल अधिकारियों और पोलिंग कर्मियों के प्रशिक्षण का शेड्यूल तैयार कर लिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, सुरक्षा प्रोटोकॉल और आपात स्थितियों से निपटने की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सभी कोषांग पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने भरोसा जताया है कि मजबूत प्रशासनिक तैयारी, सख्त सुरक्षा प्रबंध और समन्वित कार्यप्रणाली के बल पर नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।

