Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

सारंडा में एक और महिला माओवादी ढेर, अब तक 16 नक्सली मारे गए

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा जंगल एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ शुक्रवार को भी जारी हैं। किरीबुरू थाना क्षेत्र के बीहड़ कुमड़ी और हिंजोदिरी गांव के बीच शुक्रवार की सुबह दोबारा मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें एक महिला नक्सली को मार गिराया गया। इसके साथ ही पिछले दो दिनों में मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मारे गय नक्सली की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल सारंडा के दुर्गम और घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। शुक्रवार की मुठभेड़ में एक महिला माओवादी के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले गुरुवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे इसी इलाके में हुई भीषण मुठभेड़ में 15 नक्सली मारे गए थे। इनमें 2.35 करोड़ रुपये का इनामी शीर्ष नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल, अनमोल समेत पांच महिला माओवादी भी शामिल थे। इस बड़े ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने हेलीकॉप्टर और ड्रोन कैमरों की मदद से नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखी और रणनीतिक कार्रवाई को अंजाम दिया।

चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार की कार्रवाई में एक नक्सली के मारे जाने की सूचना है और पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त बलों को अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।

लगातार जारी मुठभेड़ों के चलते सारंडा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक का प्रस्तावित चाईबासा दौरा भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस पदाधिकारी के मुताबिक, गुरुवार को शुरू हुआ यह मुठभेड़ का सिलसिला शाम तक चलता रहा और शुक्रवार को भी नक्सलियों की मौजूदगी सामने आने के बाद ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया। सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके को पूरी तरह नक्सल मुक्त करने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

Related Post