जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक के समीप गेरुआ बस्ती स्थित लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कोलकाता के पटोली थाना क्षेत्र निवासी कारोबारी संतोष गिरी के साथ होटल परिसर में कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़ित के आवेदन पर बोड़ाम थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में संजीत गिरी और आशुतोष गिरी शामिल हैं। संजीत गिरी बिहार के वैशाली जिले के यूसुफपुर का निवासी है, जबकि आशुतोष गिरी वैशाली के भगवानपुर का रहने वाला बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना व्यावसायिक विवाद चल रहा था। आरोपियों का दावा है कि संतोष गिरी पर उनके लाखों रुपये बकाया हैं, जिन्हें लंबे समय से वापस नहीं किया जा रहा था। इसी रकम की मांग को लेकर वे बोड़ाम पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि होटल में रुपये को लेकर हुई बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई और होटल परिसर में अफरातफरी मच गई। वहीं, संतोष गिरी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उन पर किसी तरह का कोई कर्ज नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यह पूरा विवाद झूठे आरोपों पर आधारित है।
जानकारी के मुताबिक, संतोष गिरी वर्तमान में गेरुआ बस्ती स्थित उसी लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं। दोनों पक्ष होटल और रिसॉर्ट व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं। संजीत गिरी का कहना है कि कोलकाता में दोनों ने साझेदारी में एक रिसॉर्ट चलाया था और उसी पार्टनरशिप से जुड़ा यह विवाद है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य आरोपियों में एक वाहन चालक, एक मोबाइल नंबर का धारक और एक अज्ञात युवक शामिल हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

