कोडरमा। 22 नवंबर को रांची जिले के ओरमांझी से लापता 11 वर्षीय कन्हैया कुमार को लेकर दर्ज मामले में नया मोड़ सामने आया है। कन्हैया को कोडरमा पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखाड़ी बरामद कर ओरमांझी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। कन्हैया ने कोडरमा पुलिस को बताया कि वह घर से भटकते हुए हाजीपुर स्थित ननिहाल चला गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान बस चालक ने उसे चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखड़ी के पास उतार दिया।
इसके बाद वह इधर-उधर भटकने लगा। इसी दौरान मछली विक्रेता राजा साहनी की नजर बच्चे पर पड़ी। अंजान और डरा-सहमा देख राजा साहनी ने कई दिनों तक उसे अपने घर में आश्रय दिया। साथ ही बच्चे की पहचान के लिए स्थानीय पुलिस और व्हाट्सएप ग्रुप में भी सूचना साझा की। बताया गया कि कन्हैया चंदवारा-जामुखड़ी स्थित मछली दुकान के पास पहुंचा था, जहां पूछताछ के दौरान वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहा था। इधर, रांची में लापता बच्चों और बच्चा चोर गिरोह की तलाश में गठित एसआईटी से मिले इनपुट के आधार पर कोडरमा पुलिस ने कन्हैया की पहचान की और उसे बरामद कर ओरमांझी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी रतीभान सिंह ने बताया कि बरामद बच्चे को ओरमांझी पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की जांच अब ओरमांझी पुलिस द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर 11 दिसंबर को ओरमांझी थाने में मामला दर्ज कराया गया था।

