पिछले तीन दिनों से जारी अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक परिस्थिति को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री मनव केडिया एवं महामंत्री श्री पुनीत कौंतिया ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सिंहभूम चैंबर पूरी मजबूती एवं संवेदनशीलता के साथ श्री देवांग गांधी एवं उनके परिवार के साथ खड़ा है।
चैंबर पदाधिकारी अपहृत श्री कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन एवं उच्च पुलिस अधिकारियों के निरंतर संपर्क में हैं। अध्यक्ष श्री केडिया ने कहा कि इस जघन्य घटना को अंजाम देने वालों ने न केवल व्यापारी समाज बल्कि पूरे झारखंड की कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। शांतिप्रिय शहर के रूप में विगत दो दशकों से पहचान रखने वाले जमशेदपुर में इस प्रकार की घटना अत्यंत निंदनीय एवं चिंताजनक है।
चैंबर एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों को एसएसपी श्री पियूष पांडे एवं डीजीपी द्वारा आश्वस्त किया गया है कि पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता एवं अथक प्रयासों के साथ कार्य कर रहा है, ताकि कैरव गांधी को शीघ्र एवं सुरक्षित उनके परिवार तक वापस लाया जा सके।
अपहरण के चौथे दिन भी पूरे परिवार एवं व्यापारिक समुदाय में गहरा तनाव एवं चिंता का माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर श्री मनव केडिया ने सभी से अपील की कि पुलिस एवं प्रशासन पर पूर्ण विश्वास बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आगामी एक से दो दिनों के भीतर इस मामले में ठोस प्रगति नहीं होती है, तो जमशेदपुर की सभी प्रमुख व्यापारिक एवं औद्योगिक संस्थाओं की एक संयुक्त बैठक सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में आहूत की जाएगी, ताकि आगे की सामूहिक रणनीति एवं आवश्यक कदमों पर विचार किया जा सके।
— सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री
अध्यक्ष: मानव केडिया
महामंत्री: पुनीत कॉंवटिया

