Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

कैरव गांधी अपहरण मामला: जदयू ने एसएसपी (नगर) को सौंपा ज्ञापन, व्यापारिक जगत में दहशत

जमशेदपुर। शहर के प्रसिद्ध व्यवसायी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण के बाद जमशेदपुर के व्यापारिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। मामले में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से परिजनों के साथ-साथ शहरवासियों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने शुक्रवार को आरक्षी अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में जदयू जिला अध्यक्ष ने कहा है कि अपहरण के बाद से कैरव गांधी के जीवन को लेकर गंभीर आशंकाएं बनी हुई हैं। मीडिया में फिरौती की मांग और 48 घंटे के अल्टीमेटम की खबरें सामने आई हैं, जो यदि सत्य हैं तो यह स्थिति और भी चिंताजनक है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस घटना ने न केवल एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक परिवार को गहरे संकट में डाला है, बल्कि पूरे शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुबोध श्रीवास्तव ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं, अपहरणकर्ताओं तक जल्द से जल्द पहुंचने के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए और तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला प्रशासन की प्रतिष्ठा से जुड़ा है और शीघ्र सफलता न मिलने पर आम जनता का भरोसा कानून-व्यवस्था से डगमगा सकता है।

जदयू नेता ने भरोसा जताया कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले में सकारात्मक पहल करेगा और कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद व्यापारिक संगठनों में भी इस घटना को लेकर चिंता देखी गई और कई व्यवसायियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग दोहराई है।

Related Post