Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

धालभूमगढ़ में निर्माणाधीन पावर प्लांट में बड़ा हादसा, दो मजदूरों की मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित गजानंद फेरो एलॉय कंपनी में निर्माणाधीन पावर प्लांट में गुरुवार को काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिमनी निर्माण के समय लिफ्ट के असंतुलित होकर पलट जाने से दो मजदूर लगभग 30 फीट की ऊंचाई से गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य मजदूर घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पावर प्लांट की चिमनी के अंदर सेरेमिक ब्रिक लाइनिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तीन मजदूर ईंटें लेकर लिफ्ट के माध्यम से ऊपर जा रहे थे। अचानक लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई और वह स्लिप होकर पलट गई। हादसे के वक्त एक मजदूर किसी तरह लिफ्ट के तार को पकड़कर लटक गया, जिससे उसकी जान बच गई, जबकि सादिक और मोहम्मद इस्तकार लिफ्ट से नीचे गिर पड़े। गिरने से दोनों की हालत गंभीर हो गई।

घटना के तुरंत बाद घायलों को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सादिक और मोहम्मद इस्तकार को मृत घोषित कर दिया। मृतक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। एक अन्य मजदूर घायल है, जिसका इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। साथ ही फैक्ट्री इंस्पेक्टर को भी घटना की जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण यह हादसा हुआ है। वहीं, घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को परिजनों को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है। कंपनी प्रबंधन की ओर से मृतक मजदूरों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Related Post