Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

हाईवा की टक्कर से पिकअप के उड़े परखच्चे, चार की मौत दो गंभीर

रांची।गुमला–रांची मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार हाईवा ने तिलकुट बेचने रांची जा रहे एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो अन्य लोग गंभीर अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर भरनो थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने एनएच-23 पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।

Related Post