Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

मानगो में भीषण आग से घर जलकर राख, महिला गंभीर रूप से झुलसी

जमशेदपुर। मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर-10, ज़ाकिरनगर स्थित कबीरिया स्कूल के पास सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोहम्मद अजीम के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में घर में रखे कीमती सामान इसकी चपेट में आ गए।

घटना में एयर कंडीशनर (एसी), अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और घरेलू जरूरी सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग लगने के दौरान घर के अंदर मौजूद एक महिला इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आग की लपटें और धुएं को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए तत्काल टाटा मेमोरियल अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बाल्टियों और पाइप के सहारे आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और आग आसपास के घरों तक नहीं फैल सकी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, वहीं लोगों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को संभाल लिया गया।

Related Post