Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

ढाई लाख रुपए के विवाद में हुई हत्या — बुढ़मू में इबरार अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा*

रांची :* रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में हुए इबरार अंसारी हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। महज ढाई लाख रुपए के विवाद में इबरार अंसारी की गोली मारकर हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना 30 दिसंबर 2025 की है, जब बुढ़मू थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन के पास से पीयूष उर्फ इबरार अंसारी का शव बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर जांच तेज की।

ढाई लाख की रकम बनी मौत की वजह

रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि मृतक पीयूष उर्फ इबरार अंसारी, रामगढ़ जिले के पतरातू का रहने वाला था। उसका पतरातू के ही समीर अंसारी के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पीयूष ने समीर को ढाई लाख रुपये कर्ज के रूप में दिए थे। जब उसने रकम वापस मांगनी शुरू की और धमकी दी कि अगर पैसा जल्द नहीं मिला तो अंजाम अच्छा नहीं होगा, तब समीर ने हत्या की साजिश रच डाली।

बुढ़मू बुलाकर की हत्या

एसपी पुष्कर ने बताया कि समीर अंसारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक हथियार सप्लायर से पिस्टल खरीदी और 30 दिसंबर को योजना के तहत पीयूष को बुढ़मू बुलाया। वहां पहले से तय प्लान के अनुसार गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई, और बाद में शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया ताकि घटना हादसे जैसी लगे।

चार आरोपी गिरफ्तार

टेक्निकल सेल और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर अंसारी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य सहयोगियों और हथियार उपलब्ध कराने वाले सप्लायर को भी पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया है और सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि यह मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा एक योजनाबद्ध हत्या का केस है। पुलिस जल्द ही चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजेगी।

Related Post